महिला का मोबाइल हैक कर AI से बनाई अश्लील फोटो, रिश्तेदारों को भेजी

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
ग्वालियर। साइबर अपराधी द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दुरुपयोग का चौंकाने वाला मामला ग्वालियर में सामने आया है, जिससे एक महिला और उसका पूरा परिवार ही मानसिक रूप से प्रताड़ित हो रहे हैं।
यह लोग मानसिक अवसाद में हैं, घर के बाहर तक निकलना बंद कर दिया है। महिला पेशे से दुकानदार है और उसका मोबाइल हैक होने के बाद हैकर ने गैलरी में से फोटो हासिल कर लिए।
अब महिला के इन्हीं फोटो को एआइ की मदद से वह एडिट कर रहा है, सामान्य फोटो को अश्लील फोटो-वीडियो में बदलकर रिश्तेदार, परिचितों को भेज रहा है। महिला परिवार के साथ एसएसपी धर्मवीर सिंह के पास पहुंची।
एसएसपी ने पीड़िता को साइबर क्राइम विंग को भेजकर जांच शुरू करा दी है। महिला महाराजपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत दीनदयाल नगर में रहती है। महिला अपने पति के साथ दुकान चलाती है।
महिला ने बुधवार को शिकायत की कि कुछ दिन पहले उसका मोबाइल अचानक बंद हो गया था। मोबाइल बंद होने के बाद कुछ समय बाद अपने आप ही चालू हो गया। फिर उसके इंस्टाग्राम सहित अन्य प्लेटफार्म व गैलरी में जो फोटो थे, वह अश्लील फोटो में बदलकर इंस्टाग्राम अकाउंट से ही पोस्ट होने लगे।
इंस्टाग्राम मैसेंजर पर उसके फ्रेंड लिस्ट में शामिल लोगों को भेजे जा रहे हैं। यह फोटो उसके मोबाइल में जो भी कांटेक्ट लिस्ट में शामिल लोग हैं, उन्हें भी भेजे जा रहे हैं।
फोटो उसके ही हैं, लेकिन इन्हें अश्लील बनाकर भेजा जा रहा है, जिससे महिला की बदनामी हो रही है। महिला ने शिकायत की है कि वह मानसिक अवसाद में है। वह इतना परेशान है कि घर से बाहर तक नहीं निकल पा रही।
एसएसपी धर्मवीर सिंह ने तुरंत गंभीरता से लेकर साइबर क्राइम विंग को मामला सौंप दिया है। पहले अकाउंट ब्लाक, फिर आरोपित तक पहुंचने का प्रयासएसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि मामला गंभीर है।
साइबर क्राइम विंग की टीम काम कर रही है। पहले अकाउंट ब्लाक करा रहे हैं, जहां से यह फोटो पहुंच रहे हैं। उनकी पड़ताल कर आरोपित तक पहुंचेंगे। सावधान… ऐसी घटनाएं इसलिए होती हैं-
1. अंजान फ्रेंड रिक्वेस्ट – इंस्टा, फेसबुक या अन्य किसी प्लेटफार्म पर अंजान की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करना। कई हैकर जुड़ जाते हैं। अंजान की दोस्ती से बचें।
2. तस्वीरें पब्लिक न करें – अगर फोटो, वीडियो, रील डालें तो इसे पब्लिक नहीं बल्कि फ्रेंड या हिडन कर रखें।
3. प्रोफाइल सुरक्षित – अब प्रोफाइल लाक करने का आप्शन है, इसे चालू रखें।
4. एप का एक्सेस – जब भी कोई एप डाउनलोड करते हैं तो गैलरी, कांटेक्ट, लोकेशन एक्सेस दे देते हैं। इसे डिनाय करना चाहिए।



