भिलाई में नेहरू नगर चौक पर बना स्व. भजन सिंह निरंकारी अंडर ब्रिज पूरी तरह टूटा…..ब्रिज में ट्रेलर घुसा.. ड्राइवर गिरफ्तार….

सच तक इंडिया रायपुर भिलाई में नेहरू नगर चौक पर बना स्व. भजन सिंह निरंकारी अंडर ब्रिज पूरी तरह टूट गया है। इस ब्रिज में एक ट्रेलर घुसकर फंस गया था। इसके चलते पिछले 12 घंटे ब्रिज में आवागमन बंद है। पुलिस और पीडब्ल्यूडी की टीम क्रेन की मदद से ट्रक और ब्रिज के टूटे हिस्से को निकालने में जुटी हुई है।
ट्रैफिक डीएसपी सतीश ठाकुर ने बताया कि घटना देर रात 1-2 बजे के बीच की है। एक महाराष्ट्र पासिंग ट्रेलर रायपुर से हैदराबाद प्लाईवुड लेकर जा रहा था। सुबह ना जाने कैसे ड्राइवर ने ट्रेलर को अंडर ब्रिज की तरफ मोड़ दिया। उसने ट्रेलर को सीधे अंडरब्रिज में डाल दिया। ट्रेलर की हाइट अधिक होने से वो अंडरब्रिज को तोड़ता हुआ उसमें फंस गया।
सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस और ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को ट्रक से बाहर निकाला। इसके बाद क्रेन बुलाई गई और ट्रेलर को खींचकर ब्रिज के अंदर से बाहर निकाला गया। क्रेन से खींचने के दौरान ब्रिज का ऊपरी ढांचा पूरी तरह से टूट गया। इसके चलते ब्रिज से आवागमन को बंद करना पड़ा। ट्रैफिक डीएसपी का कहना है कि उन्होंने पीडब्ल्यूडी ब्रिज डिपार्टमेंट को इसकी सूचना दी है। उसके इंजीनियर यहां आए हैं और ब्रिज का टूटा हिस्सा निकलवाने में लगे हैं। सुपेला पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
जब ट्रेलर चालक ने अपना नाम बुधराम गुर्जर (50 साल) निवासी छेतड़ी राजस्थान बताया। उसने बताया कि वो प्लाईवुड का सामान लोडकरके रायपुर से आ रहा था। ट्रेलर में 18 टन माल लोड था। उसके आगे एक गाड़ी आ रही थी। उसने अचानक तेजी से ब्रेक मारा। उसे बचाने के लिए चालक ने भी ट्रेलर में ब्रेक लगाया तो उसका ब्रेक फेल हो गया। उसने गाड़ी को अंडर ब्रिज की तरफ मोड़ा। अचानक उसके सामने मवेशी बैठे मिले तो उसने ट्रेलर को सीधे अंडर ब्रिज में डाल दिया। ट्रक अंडरब्रिज में फंस जाने से वहीं रुक गया।
नेहरू नगर अंडर ब्रिज का नामकरण भिलाई नगर निगम ने कुछ दिन पहले ही स्व. भजनसिंह निरंकारी के नाम पर किया था। ब्रिज में बकायदा उनके नाम का बोर्ड लगाया था। इसके साथ ही नवनिर्मित सुपेला अंडरब्रिज का नाम करण स्व. विद्यारतन भसीन के नाम पर किया गया है।
इधर बीती देर रात पावर हाउस चौक में एक पिकअप चालक ने बाइक सवार दो लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। एक के माथे की हड्डी क्रैक हो गई है, वहीं दूसरे को अधिक ब्लीडिंग हुई है। सुपेला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को रेफर कर दिया गया। दोनों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। दोनो घायल खुर्सीपार बापूनगर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। छावनी पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।