बिलासपुर, कोरबा और जशपुर में झमाझम बारिश:मंडी में रखा धान भीगा, रायपुर, दुर्ग-भिलाई में सुबह से छाए बादल; आज भी अलर्ट

सच तक इंडिया रायपुर छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज फिर बदल गया है। बिलासपुर में गुरुवार तड़के हुई बारिश और कोहरे ने ठंड बढ़ा दी है। कोरबा में मंडी में रखा धान भीग गया। वहीं जशपुर में रुक-रुककर बारिश हो रही है। रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के जिलों में आज भी बारिश का अलर्ट है। कई जिलों में सुबह से बादल छाए हुए हैं। पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के मुताबिक प्रदेश के मध्य हिस्से में भी एक दो जगहों पर बूंदाबांदी हो सकती है। बुधवार को रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहे। बादलों ने न्यूनतम तापमान में भी चार डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी कर दी है। बुधवार को अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा। यहां 8.4 डिग्री रात का तापमान रिकॉर्ड किया गया। सबसे अधिक गर्म कांकेर रहा। यहां अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री रहा। आज प्रदेश में न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव होने की संभावना है।

दुर्ग में 3 डिग्री बढ़ा रात का पारा
दुर्ग जिले में दिन में गर्मी का असर रहा। वहीं रात के तापमान में 3 डिग्री बढ़ा है। मंगलवार को रात का तापमान 13 डिग्री था जो बुधवार को बढ़कर 16 डिग्री रहा। मौसम विभाग के मुताबिक अभी मौसम इसी तरह रहने के आसार हैं। ठंड के बीच बिलासपुर में रात का पारा 2 डिग्री बढा है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 13 डिग्री था जो बुधवार को बढ़कर 14.8 रिकार्ड किया गया। दिन का तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया जो औसत तापमान से 1 डिग्री कम था। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनो में जिले के एक दो स्थानों पर बारिश की संभावना है।
MCB जिले में स्कूलों का समय बदला
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में शीतलहर लहर के कारण स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। अब तीन पालियों कक्षाएं लगेंगी। पहली पाली सोमवार से शनिवार सुबह 9 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक लगेंगी। दूसरी पाली 12.45 से शाम 4.15 तक वहीं एक पाली में संचालित होने वाली शालाएं सुबह 10.30 बजे से दोपहर 3.30 बजे तक लगेंगी। कलेक्टर ने आदेश जारी किया है।
सरगुजा संभाग में पड़ रही कड़ाके की ठंड
सरगुजा संभाग में पिछले 3 दिनों से न्यूनतम तापमान औसत से 3 से 4 डिग्री कम है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री रहा। वही बलरामपुर में रात का पारा 8.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। कोरिया में 8.6 डिग्री और जशपुर में 10.2 डिग्री तापमान रहा।


