सर्वे फॉर्म लेने गए बीएलओ का सिर फोड़ा, बीच सड़क ईंट से हमला, आरोपी गिरफ्तार

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
भिलाई। खुर्सीपार क्षेत्र के गोकुल नगर में मंगलवार दोपहर मतदाता सूची सर्वे के दौरान एक युवक ने बीएलओ पर ईंट से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। अचानक हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल बीएलओ को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना सेक्टर-11 स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में पदस्थ सहायक शिक्षक एवं बीएलओ रूपेश कुमार जोशी (निवासी अटल आवास बोगदा पुल) के साथ हुई। उनके साथ निगम कर्मचारी पी. कार्तिक और दिनेश एस. भी एसआईआर सर्वे ड्यूटी पर तैनात थे।
घटना मंगलवार दोपहर लगभग 1 बजे की है, जब टीम लक्ष्मी नारायण वार्ड के गोकुल नगर में घर-घर जाकर गणना पत्रक (सर्वे फॉर्म) संग्रह कर रही थी। इसी दौरान उड़िया मोहल्ला निवासी आरोपी जावेद हुसैन वहां पहुंचा और बिना कारण गाली-गलौज करने लगा। टीम ने उसे समझाने की कोशिश की तो उसने इलाके से भगा देने की धमकी दी और अचानक पास में पड़ी ईंट उठाकर बीएलओ रूपेश जोशी के सिर पर जोरदार हमला कर दिया। सिर फूटने से वे लहूलुहान हो गए और कुछ दूरी तक भागकर अपनी जान बचाई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलने पर एसडीएम हितेश पिस्दा और खुर्सीपार थाना प्रभारी आनंद शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़कर हिरासत में ले लिया। उसके खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, गाली-गलौज और जानलेवा हमला सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।



