छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

बिलासपुर में अवैध संबंध के शक में खूनी खेल, तलवार से सात लोगों को काटा, बुजुर्ग महिला की मौत

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

 बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पेंडरवा में बुधवार शाम हुई घटना ने लोगों के रौंगटे खड़े कर दिए। अवैध संबंध के शक में पति, बेटे व रिश्तेदारों ने संदेही परिवार के सदस्यों को तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर घायल कर दिया। हमले में घायल 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई।

तीनों आरोपितों ने बड़े से लेकर पांच मासूम बच्चों को भी नहीं छोड़ा। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह सहित पूरा पुलिस बल मौके पहुंच गया। आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अब आगे की कार्रवाई कर रही है।

पेंडरवा निवासी सुरेश श्रीवास को अपनी पत्नी के शेख सलीम से कथित अवैध संबंधों का शक था। शंका के चलते उसने अपनी पत्नी को तलाक दे दिया था। शादी टूटने के बाद सुरेश शेख सलीम से रंजिश रखता था।

बुधवार शाम लगभग 5.30 बजे सुरेश अपने बेटे सुमीत श्रीवास और नैतिक श्रीवास के साथ तलवार लेकर शेख सलीम उर्फ चांदी खान को खोजते हुए पहुंचा।

शेख सलीम को घर में न पाकर आरोपितों का गुस्सा वहां मौजूद परिवार के अन्य सदस्यों पर फूट पड़ा। आरोपितों ने घर में घुसकर वृद्ध महिला मुराद बी (65) पर तलवार से वार किया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। तलवार लहराते हुए आरोपित जो सामने आता उस पर ही हमला कर रहे थे।

हमले में किसी का हाथ कटा तो किसी का कान व नाक काट डाला। अचानक हुए हमले से घर में चीख-पुकार मच गई, लेकिन आरोपितों ने रहम नहीं दिखाई और घर में मौजूद महिलाओं व पांच मासूम बच्चों पर भी तलवारों से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया।

वारदात के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है। घटना के बाद जब घायल पक्ष रतनपुर थाने पहुंचे तो वहां पर आरोपित पहले ही मौजूद थे। घायलों को रतनपुर पुलिस ने उपचार के लिए सिम्स भेज दिया है। घायलों को रतनपुर पुलिस ने उपचार के लिए सिम्स भेज दिया है। सिम्स में घायलों का उपचार चल रहा है।

मासूम बच्चों ने कहा- दादी को मार डाला, हम खेल रहे थे इसलिए बच गए

पेंडरवा गंव में हुए खूनी खेल में बचे दो बच्चों ने बताया कि जिस दौरान घटना हुई उस दौरान वे बाहर में खेल रहे थे। हमला होने पर वे अपने दोस्त के घर भागकर छुप गए। सुरेश श्रीवास और उनका परिवार चला गया तो बच्चे घर अंदर दाखिल हुए तो देखा कि उनकी दादी मुराद बी खून से लथपथ पड़ी थी। वहीं अन्य लोगों के शरीर से खून निकल रहा था। इस दौरान बड़े अब्बू आए और सभी को लेकर हाॅस्पिटल लेकर चले गए।

एसएसपी ने संभाली कमान, आरोपित गिरफ्तार

वारदात की खबर मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह स्वयं पेंडरवा गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। आरोपितों के वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया था। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इस साजिश में कोई और भी तो शामिल नहीं था।

युवती ने बताया पूरा घटनाक्रम

हमले में घायल सना परवीन ने पूरे घटनाक्रम को विस्तार से बताया। उसने कहा कि घर में वे सभी लोग थे, इस दौरान सुरेश श्रीवास, अपने बेटे सुमीत श्रीवास और नैतिक श्रीवास के साथ तलवार लेकर पहुंचे। तीनों ने गाली-गलौज करते हुए सबसे पहले पिता शेख शब्बीर और मां रेहना परवीन पर हमला कर दिया। अम्मी अब्बू पर हमला होता देख सना परवीन पहुंची तो उस पर भी तलवार से हमला कर दिया। चचेरी बहन निशा परवीन व भाई शेख अयान व अन्य पर भी तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर घायल कर दिया। हमले में उनकी दादी मुराद बेगम की मौत हो गई।

वारदात को अंजाम देने के बाद थाने पहुंचे थे शिकायत करने

रतनपुर पुलिस के अनुसार सुरेश श्रीवास (46) अपने दो पुत्र के साथ शाम 6:30 बजे प्रार्थी बनकर थाने में पहुंचा। पीछे से एक वाहन में घायल सात लोग भी थाने पहुंचे। सभी ने बताया कि सुरेश श्रीवास और उनके दो पुत्रों के द्वारा हमारे घर में मारपीट की गई है। घायलो के बयान पर तीनों आरोपितों को हिरासत में लेकर रतनपुर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

घटना के एक दिन पहले भी हुआ था विवाद

शेख शब्बीर ने बताया कि सुरेश श्रीवास को संदेह था कि उसकी पत्नी का शेख सलीम से अवैध संबंध था, जिसके चलते तीन-चार माह वर्ष पहले दोनों के बीच तलाक हो गया था। उसी बात को लेकर सुरेश श्रीवास छोटे भाई शेख सलीम से दुश्मनी रखता था। इस बात को लेकर पूर्व में भी कई बार विवाद हो चुका था। पीड़ित ने बताया कि कुछ दिन पहले शेख सलीम की बहनें सुरेश श्रीवास को समझाने उसके घर गई थीं, जहां आरोपित पक्ष ने उनकी नहीं सुनी।

पुलिस बोली- अगले दिन आएंगे, हो गई वारदात

शेख शब्बीर ने यह भी बताया कि उनके घर की महिलाएं सुरेश को समझाइश देने के बाद सीधे रतनपुर थाने भी पहुंची थीं। वहां पुलिस को विवाद के बारे में बताया। साथ ही कहा कि वे सुरेश श्रीवास को बुलाकर समझाइश दे, जो बार-बार मारने-पीटने की धमकी देता है। इस पर पुलिस ने कहा था कि कल सुबह आएंगे, लेकिन एक रात पहले ही यह वारदात हो गई।

Related Articles

Back to top button