छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

रायपुर में ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, नकद व लग्जरी कार जब्त, चार आरोपी गिरफ्तार, करोड़ों रुपये होल्ड

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रायपुर। रायपुर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा (बैटिंग) संचालित करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 50 लाख 35 हजार रुपये नकद के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, मोबाइल फोन, लग्जरी कार सहित करीब 80 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। मामले में करोड़ों रुपये के बैंक खातों को होल्ड कराया गया है।

पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।

सिंधु भवन पार्किंग से हुई गिरफ्तारी

दिनांक 08 जनवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि थाना गंज क्षेत्र अंतर्गत पाठक हॉस्पिटल रोड स्थित सिंधु भवन पार्किंग के पास एक चारपहिया वाहन में सवार कुछ लोग ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना पर संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार को घेराबंदी कर रोका। वाहन में सवार चार व्यक्तियों ने पूछताछ में अपना नाम रितेश गोविंदानी, मोह. अख्तर, विक्रम राजकोरी एवं सागर पिंजानी बताया।

मास्टर आईडी से चल रहा था ऑनलाइन सट्टा

जांच के दौरान आरोपियों के लैपटॉप और मोबाइल फोन की तलाशी लेने पर Allpanelexch.com, Power7777.com, Powerexch.com और Classicexch99.com जैसी ऑनलाइन बैटिंग साइट्स के मास्टर आईडी के जरिए सट्टा संचालित करने का खुलासा हुआ। आरोपी ग्राहकों को कमीशन के आधार पर आईडी उपलब्ध कराकर अवैध लाभ अर्जित कर रहे थे।

50.35 लाख नकद सहित बड़ी जब्ती

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50,35,000 रुपये नकद, 2 लैपटॉप, 10 मोबाइल फोन, हुंडई टक्सन कार (CG 04 NQ 7745), पासपोर्ट, एटीएम कार्ड, चेकबुक और केलकुलेटर जब्त किया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 80 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा आरोपियों के बैंक खातों में करोड़ों रुपये की राशि को होल्ड कराया गया है।

बदलती जीवनशैली बनी शक की वजह

पुलिस के अनुसार बदलते अपराध के साथ पुलिस की रणनीति भी बदली है। एसीसीयू टीम लंबे समय से आरोपियों की बदलती जीवनशैली और दिनचर्या पर नजर रख रही थी। लगातार बड़े खर्च, लग्जरी लाइफस्टाइल और हाल ही में आरोपी विक्रम राजकोरी का विदेश से लौटना पुलिस के संदेह का कारण बना, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।

ग्राहकों पर भी होगी कार्रवाई

प्रकरण में ऑनलाइन सट्टा खेलने वाले ग्राहकों की भी जानकारी पुलिस को मिली है। इनके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी जेल जा चुके हैं आरोपी

मुख्य आरोपी रितेश गोविंदानी पूर्व में गुढ़ियारी थाना क्षेत्र से बलवा और तेलीबांधा थाना से सट्टा प्रकरण में जेल जा चुका है। वहीं विक्रम राजकोरी बेमेतरा जिले में हुक्का से संबंधित प्रतिबंधित सामग्री के साथ पकड़े जाने पर जेल निरुद्ध रह चुका है।

दर्ज किया गया मामला

आरोपियों के विरुद्ध थाना गंज में अपराध क्रमांक 06/26 धारा छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7, 112(2) बीएनएस एवं 66(सी) आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

रितेश गोविंदानी (32), निवासी शंकर नगर, रायपुर

मोह. अख्तर (32), निवासी मौदहापारा, रायपुर

विक्रम राजकोरी (32), निवासी सुंदर नगर, रायपुर

सागर पिंजानी (30), निवासी अश्वनी नगर, रायपुर

Related Articles

Back to top button