प्रमुख खबरेंमध्यप्रदेश एवं बुंदेलखंड

मदद के बहाने बदल लेता था एटीएम कार्ड, फिर करता था रुपये पार; जबलपुर पुलिस ने 60 कार्ड किए बरामद

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

जबलपुर। सिवनी का एक युवक शहर में रहकर एटीएम कार्ड बदलकर लोगों से ठगी की वारदात कर रहा था। आरोपित सिवनी के तिलक वार्ड रेलवे स्टेशन के पास निवासी विनोद गौतम (28) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपित अलग-अलग एटीएम बूथ पर पहुंचता था। फिर मदद के बहाने लोगों के एटीएम कार्ड बदलता और भाग जाता था। दूसरी एटीएम में कार्ड लगाकर उनके बैंक खाते खाली कर देता था।

ये जानकारी बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पल्लवी शुक्ला ने दी। एएसपी ने बताया कि आरोपितों के पास अलग-अलग बैंक के 66 एटीएम कार्ड और 55 सौ रुपये नकद प्राप्त हुए है। वारदात में प्रयोग किए जाने वाली एक मोपेड और एक सोने की झुमकी भी आरोपी के कब्जे से जब्त की गई है। आरोपित गत कुछ समय से शहर में एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के बैंक खाते से रुपये निकाल रहा था।

एटीएम बदलकर एक लाख 60 हजार रुपये निकाले थे

कुछ समय पूर्व गोरखपुर निवासी बीएस सिडाम का एटीएम बदलकर उनके खाते से एक लाख छह हजार 160 रुपये निकाले गए थे। इसी प्रकार की घटना अधारताल के संजय नगर निवासी मेंस पार्लर के संचालक रोहित सेन, ओमती के नया मोहल्ला निवासी रसीदउद्दीन, बेलबाग के कांचघर हनुमान टोरिया निवासी विजय कुमार चौधरी के साथ हुई थी।

सभी मामले में पुलिस जांच कर रही थी। इसी दौरान घटना वाले सभी एटीएम बूथों के सीसीटीवी कैमरे की जांच की गई कि संदेही एक ही युवक दिखा। पूछताछ के बाद संदेही के सिवनी के होने का पता चला। तब पतासाजी कर उसे घर से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपित ने चार मामलों में एटीएम बदलकर ठगी करना स्वीकार किया है।

तीन लाख 38 हजार रुपये रोके

आरोपी चुराए हुए एटीएम कार्ड से ऑनलाइन रुपये ट्रांसफर कर रहा था। पुलिस ने उसके द्वारा ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए तीन लाख 38 हजार रुपये की राशि की भुगतान प्रक्रिया बैंक से रुकवा दी थी। जिससे वह धोखाधड़ी से प्राप्त यह राशि हड़प नहीं सका। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है। उसके पास मिले एटीएम कार्ड किनके है और उसे कहां से चुराया गया है, के बारे में पता लगाया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button