महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजीत पवार की विमान हादसे में मौत, शिवराज चौहान, सीएम मोहन, कमलनाथ ने जताया दुःख

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
भोपाल : महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम और NCP अध्यक्ष अजित पवार की आज विमान हादसे में मौत हो गई। अजित पवार चार्टर्ड विमान में सवार होकर बारामती जा रहे थे। जहां लैंडिंग के समय प्लेन क्रैश होने के चलते उनकी मौत हो गई। अजित पवार की मौत से राजनीतिक गलियारों में शौक की लहर है। तो वही वरिष्ठ नेता की मौत पर सीएम मोहन, शिवराज चौहान और कमलनाथ ने शोक व्यक्त कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
जमीन से जुड़े नेता- सीएम मोहन
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजीत पवार के निधन पर दुःख व्यक्त करते हुए सीएम मोहन ने लिखा कि अजीत पवार जी गरीबों, वंचितों और पिछड़ों की सेवा में सदैव समर्पित रहे। महाराष्ट्र के विकास में उनका अमूल्य योगदान रहा। वे जमीन से जुड़े नेता थे। उनके असामयिक निधन पर मैं श्रद्धांजलि व्यक्त करता हूं। बाबा महाकाल से प्रार्थना करता हूं कि उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों को यह कष्ट सहने की शक्ति दें।
मन गहरी वेदना और पीड़ा से भरा है – शिवराज सिंह चौहान
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता अजित पवार के निधन का समाचार सुनकर स्तब्ध हूं। मन गहरी वेदना और पीड़ा से भरा है। विश्वास ही नहीं होता कि अजित जी अब हमारे बीच नहीं रहे। वे मेरे गहरे मित्र और आत्मीय साथी थे। एक जननेता, कुशल प्रशासक और दूरदर्शी व्यक्तित्व के रूप में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके जाने से महाराष्ट्र की राजनीति में जो शून्य उत्पन्न हुआ है, वह अपूरणीय है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति तथा परिवारजनों और समर्थकों को इस दु:ख को सहन करने की शक्ति दें। अजित दादा, आप हमेशा हमारी स्मृतियों में जीवित रहेंगे।
कमलनाथ- भारत की राजनीति को अपूरणीय क्षति
महाराष्ट्र डिप्टी सीएम अजित पवार के निधन पर कमलनाथ ने भी दुख जताते हुए सोशल मीडिया में लिखा कि – महाराष्ट्र के बारामती में एक विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री श्री अजीत पवार के दुखद निधन का समाचार प्राप्त हुआ। अजीत पवार के निधन से भारत की राजनीति को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने अपना पूरा जीवन महाराष्ट्र के लोगों की सेवा के लिए समर्पित किया। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे और परिवार जनों को यह दुख सहन करने की शक्ति दें।
हादसे में 5 लोगों की हुई मौत
बता दें कि उपमुख्यमंत्री (डिप्टी CM) अजीत पवार प्राइवेट चार्टर्ड विमान में सवार होकर बारामती में जनता को संबोधित करने के लिए जा रहे थे। इस दौरान एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जिसकी वजह से हादसे में अजीत पवार सहित 5 लोगों की मौत हो गई। विमान में अजीत पवार के साथ उनके निजी सहायक, सुरक्षाकर्मी और प्लेन का स्टाफ भी मौजूद था।



