Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
भिलाई : भिलाई-3 क्षेत्र में डॉग बाइट की घटनाओं के बीच एक सांड के उग्र होने से इलाके में दहशत फैल गई। बीते दिनों एक कुत्ते ने सांड को काट लिया था, जिसके बाद वह बौराकर गुरुवार शाम से शुक्रवार सुबह तक लगातार उत्पात मचाता रहा।
अचानक आक्रामक हुआ सांड
जानकारी के अनुसार, सांड ने अचानक चौक पर राहगीरों को दौड़ाना शुरू कर दिया। स्थिति इतनी भयावह हो गई कि लोग जान बचाकर भागते नजर आए। रात के समय भी सांड आक्रामक बना रहा और घरों के बाहर बैठे लोगों को खदेड़ता रहा।
दो घरों के दरवाजे तोड़े
इस दौरान सांड ने दो घरों के दरवाजों को तोड़ दिया। महिलाएं किसी तरह घरों के अंदर घुसकर सुरक्षित हो पाईं। एक घर की चहारदीवारी का दरवाजा भी सांड ने क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना रहा।
सुबह भी जारी रहा उत्पात
शुक्रवार सुबह नूतन चौक और बाजार क्षेत्र में भी सांड का आतंक जारी रहा। लोग घरों से निकलने में डरने लगे थे। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में कोई भी व्यक्ति उसकी चपेट में नहीं आया।
संयुक्त टीम ने किया रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलने पर सांसद प्रतिनिधि विपिन चंद्राकर ने नगर निगम, पशु चिकित्सा विभाग और वन विभाग को सूचित किया। प्रारंभ में संसाधनों की कमी के कारण कार्रवाई में देरी हुई, लेकिन बाद में संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।
काफी तलाश के बाद सांड एकता नगर स्थित गतवा तालाब के पास मिला। निगम की टीम ने उसे रस्से से पकड़कर काबू में किया, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने बेहोशी का इंजेक्शन देकर शांत किया। लगभग 20 मिनट की मशक्कत के बाद सांड को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया और उसे दूरस्थ स्थान पर भेज दिया गया।
संसाधनों की कमी पर सवाल
विपिन चंद्राकर ने विभागों में संसाधनों की कमी पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं होती तो बड़ी घटना हो सकती थी। नगर निगम और पशु चिकित्सा विभाग के पास मवेशियों को नियंत्रित करने के पर्याप्त साधन नहीं हैं।