छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

रायपुर में तेज बाइक ने साइकिल सवार दंपती को रौंदा, हादसे में तीन की मौत

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रायपुर। राजधानी के रायपुर में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार देर रात बरौदा और भुरकुनी के बीच हुए दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार दंपती समेत तीन लोगों की मौत हो गई। तीनों ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है।

पीछे से मारी जोरदार टक्कर

विधानसभा थाना पुलिस के अनुसार टेकारी निवासी भोजराज विश्वकर्मा अपनी पत्नी प्यारी बाई विश्वकर्मा के साथ साइकिल से भुरकुनी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने उनकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि साइकिल सवार दंपती और बाइक चालक सड़क पर दूर जा गिरे।

हादसे में गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण भोजराज विश्वकर्मा, प्यारी बाई विश्वकर्मा और मांढर निवासी शुभम यादव की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन अस्पताल ले जाते समय तीनों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

एक युवक की हालत नाजुक

घटना में एक अन्य युवक भी घायल हुआ है, जिसका उपचार अस्पताल में जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

कुछ देर बाधित रहा यातायात

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों को सूचना दी।

तेज रफ्तार और लापरवाही बनी कारण

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना सामने आया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। घटना की पुष्टि डीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी ने करते हुए बताया कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button