Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रतलाम। पैलेस रोड स्थित इंडियन बैंक में शुक्रवार सुबह आग लगने से बैंक के अंदर रखा कम्प्यूटर, एसी, फर्नीचर तथा कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर नष्ट हो गए। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना के समय बैंक बंद था, इसलिए किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 7.15 बजे आसपास के लोगों ने बैंक के अंदर से धुआं निकलते देखा। इसके साथ ही बैंक का सायरन भी बजने लगा। लोगों ने तुरंत बैंक अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही बैंक मैनेजर राजीव बोथरा और अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। शटर खोलने पर सामने की ओर बने एक केबिन से धुआं निकलता दिखाई दिया, जो कुछ ही देर में तेज आग में बदल गया।
इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई और आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। इस दौरान आग की लपटें बैंक के अंदर तेजी से फैलने लगीं और अधिकारियों के सामने ही अंदर रखा सामान जलने लगा। फायर ब्रिगेड की टीम ने लगातार प्रयास कर करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया, हालांकि तब तक बैंक के अंदर रखा काफी सामान जल चुका था। आग बुझाने में इस्तेमाल किए गए पानी से भी कई जरूरी दस्तावेज खराब हो गए।
कोई नहीं था मौजूद
बताया गया है कि जिस भवन में बैंक संचालित है, उसके निचले तल पर बैंक और ऊपरी मंजिल पर एक कोचिंग सेंटर संचालित होता है। सुबह का समय होने के कारण उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग की गर्मी के कारण बैंक मैनेजर के चैंबर में लगा एसी जलकर पिघल गया और केबिन के कांच तक फूट गए।
बैंक परिसर में रखे करीब 7 से 8 कम्प्यूटर भी आग की चपेट में आकर जल गए या पानी से खराब हो गए। बताया जा रहा है कि आग बैंक के लॉकर वाले केबिन के सामने स्थित एक केबिन में लगी थी। लॉकर अंदर होने के कारण वह सुरक्षित बच गया। आग बुझाने में फायर ब्रिगेड के सुरेंद्रसिंह, हेमंत, सलीम, योगी, सुरेंद्रसिंह और जुझारसिंह ने बैंक के अंदर पाइप ले जाकर आग पर काबू पाया।
बैंक मैनेजर राजीव बोथरा ने बताया कि सुबह आसपास के लोगों से बैंक से धुआं निकलने और सायरन बजने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर शटर खोला तो एक केबिन से धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
प्रारंभिक रूप से शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। बैंक में चालू (करंट) और सेविंग मिलाकर करीब 80 हजार खाते हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद कई ग्राहक भी बैंक पहुंच गए और लॉकर की सुरक्षा को लेकर जानकारी लेते रहे। फिलहाल लॉकर सुरक्षित बताया गया है। बैंक को हुए नुकसान का सही आकलन अभी नहीं हो पाया है।