छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

छत्तीसगढ़ से अयोध्या तक चलेगी ‘आस्था स्पेशल’:दुर्ग से 7 फरवरी को पहली, 29 को दूसरी ट्रेन होगी रवाना; 1400 रुपए देना होगा शुल्क

सच तक इंडिया रायपुर छत्तीसगढ़ से अयोध्या के लिए श्रद्धालुओं का पहला जत्था लेकर ‘आस्था स्पेशल ट्रेन’ दुर्ग स्टेशन से 7 फरवरी को रवाना होगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इसे हरी झंडी दिखाएंगे। दूसरे चरण के लिए ट्रेन 29 फरवरी को जाएगी। इसके लिए 1400 रुपए पंजीयन शुल्क रखा गया है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

दरअसल, भाजपा ने अपने घोषणापत्र में श्रद्धालुओं को अयोध्या ले जाकर दर्शन कराने का वादा किया था। इसके लिए केंद्र सरकार के सहयोग से ‘श्री रामलला दर्शन योजना’ शुरू की गई है। श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए एक राम मंदिर दर्शन समिति का भी गठन किया गया है।

राम मंदिर दर्शन समिति भक्तों के पंजीयन, रहने-खाने और उनकी यात्रा को सुविधाजनक बनाने की व्यवस्था का कार्य देखेगी। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक को इस समिति का प्रदेश संयोजक बनाया गया है। उन्होंने इस संबंध में भाजपा के सभी जिलाध्यक्षों और नेताओं की बैठक ली। धरमलाल कौशिक ने बताया कि बैठक में कार्ययोजना तैयार की गई है। रामलला दर्शन योजना के लिए मोदी सरकार ने ‘आस्था स्पेशल’ ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन पूरे भारत से अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन के लिए चलेगी। केंद्र सरकार ने दर्शन योजना बनाई है।

योजना में शामिल होने के लिए प्रति दर्शनार्थी 1400 रुपए का पंजीयन शुल्क देना होगा। इसके लिए जिला और मंडल स्तर पर ‘अयोध्या राम मंदिर दर्शन’ समिति का गठन किया जा चुका है। पंजीयन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 24 जनवरी है।

समिति पंजीयन के बाद श्रद्धालुओं की सूची रेलवे को भेजेगी। रेलवे प्रत्येक यात्री को एक अलग यात्रा कार्ड जारी करेगा। केवल पंजीकृत दर्शनार्थी ही ट्रेन में सवार हो सकेंगे। यात्रा के दौरान खान-पान और अयोध्या पहुंचने के बाद ठहरने और खाने-पीने की व्यवस्था नि:शुल्क रहेगी।

कौशिक ने बताया कि ट्रेन में अधिकतम 1440 लोगों का पंजीयन होगा। दुर्ग संभाग के सभी 8 जिलों से लोग इस जत्थे में शामिल होंगे। प्रत्येक विधानसभा से 72 राम भक्त जाएंगे। ट्रेन का यात्रा प्रभारी अजय तिवारी को बनाया गया। ट्रेन में 20 कोच रहेंगे, प्रत्येक के लिए अलग-अलग प्रभारी बनाए गए हैं।

Related Articles

Back to top button