छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

25 Km पीछा कर पकड़ा गया धान से लदा ट्रक, UP से छत्तीसगढ़ ला रहे थे 750 बोरी

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

अंबिकापुर। तीन राज्यों की सीमा से लगे बलरामपुर जिले में पड़ोसी प्रांतों का धान रोकने प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। सोमवार की रात प्रशासनिक टीम ने 25 किमी पीछा कर धान से भरे ट्रक को पकड़ा। चालक ट्रक में सात सौ बोरी से अधिक धान लोड कर उत्तर प्रदेश से छत्तीसगढ़ में खपाने के लिए ला रहा था।

चालक से पूछताछ कर धान के अवैध परिवहन में संलिप्त अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। बलरामपुर कलेक्टर राजेंद्र कटारा के नेतृत्व में अवैध धान परिवहन पर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है, जिसके अंतर्गत अवैध धान परिवहन, भंडारण में संलिप्त एवं कोचियों बिचौलियों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है।

अनुविभाग वाड्रफनगर क्षेत्र अंतर्गत सोमवार रात्रि अवैध धान परिवहन के विरुद्ध प्रशासन द्वारा कार्रवाई की गई। बलरामपुर जिले के गिरवानी मार्ग के रास्ते उत्तर प्रदेश से छत्तीसगढ़ की ओर एक ट्रक में अवैध रूप से धान का परिवहन किया जा रहा था। उक्त ट्रक में लगभग 750 बोरी धान लोड था जिसे बिना वैध दस्तावेजों के ले जाया जा रहा था।

मध्य रात्रि बैरियर ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों द्वारा जब संदिग्ध ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया, तो चालक वाहन को लेकर मौके से फरार हो गया, जिसकी सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नीर निधि नंदेहा के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई करते हुए तहसीलदार वाड्रफनगर, तहसीलदार रघुनाथनगर, नायब तहसीलदार एवं पुलिस बल की संयुक्त टीम द्वारा रात में ही सघन सर्च अभियान प्रारंभ किया गया।

लगभग 25 किलोमीटर क्षेत्र में चलाए गए इस व्यापक सर्च अभियान के दौरान विभिन्न संभावित मार्गों, गांवों क्षेत्रों की गहन जांच की गई। लगातार प्रयासों के बाद प्रशासनिक एवं पुलिस टीम को पेंडारी क्षेत्र में अवैध धान से भरे ट्रक को पकड़ लिया गया। जिसे वाड्रफनगर थाना को सुपुर्द कर दिया गया।

जिले में अवैध धान परिवहन, भंडारण पर शासन के निर्देशानुसार धान उपार्जन व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने तथा किसानों के हितों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसके तहत सीमावर्ती क्षेत्रों में बैरियरों पर सतर्कता बढ़ाई गई है और नियमित जांच की जा रही है। अनुविभागीय अधिकारी नंदेहा ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार की संयुक्त कार्रवाइयां जारी रहेंगी। अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अवैध धान परिवहन या भंडारण की जानकारी तुरंत दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

121 प्रकरणों में 78 वाहन जब्त एवं चार पर FIR

बलरामपुर जिले में अवैध धान भंडारण एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन द्वारा निरंतर सतत निगरानी रखी जा रही हैं। पारदर्शी एवं निष्पक्ष धान खरीदी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने सभी अंतरराज्यीय सीमाओं एवं चेक पोस्टों पर निगरानी व्यवस्था को और सुदृढ़ किया गया है, परीणामस्वरूप अब तक जिले में कुल 122 प्रकरण में 15 हजार क्विंटल से अधिक धान जब्त किया गया है।

कार्रवाई के दौरान अवैध परिवहन में प्रयुक्त 67 चार पहिया ,एक ट्रक तथा 10 दोपहिया सहित कुल 78 वाहनों को जब्त किया गया है। साथ ही अवैध धान में संलिप्त चार व्यक्तियों पर एफआइआर दर्ज की गई है।कलेक्टर कटारा के मार्गदर्शन में प्रशासनिक अमला द्वारा संदिग्ध वाहनों एवं परिवहन गतिविधियों पर विशेष फोकस करते हुए सघन जांच कर संलिप्त होने पर मंडी अधिनियम के प्रविधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button