छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

‘आज मेरे बाबू का बर्थ डे’, रायपुर सेंट्रल जेल में मोबाइल लेकर पहुंच गई गर्लफ्रेंड, रील पोस्ट कर लिखी- देखो रिएक्शन

रायपुर सेंट्रल जेल की सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। सेंट्रल जेल के मुलाकात कक्ष में एक लड़की अपने बॉयफ्रेंड से मिलने के लिए मोबाइल लेकर पहुंच गई। इस दौरान उसने वीडियो बनाया है और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया है।

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रायपुर: सेंट्रल जेल की चाक चौंबद सुरक्षा व्यवस्था में एक लड़की ने सेंध लगाई है। जेल के अंदर उसका बॉयफ्रेंड बंद है। लड़की ने जेल में पहले मोबाइल पहुंचवाया। इसके बाद वह बर्थडे पर बॉयफ्रेंड से मिलने गई। मिलने के दौरान जेल में ही उसने रील बनाई। इसके बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। कैप्शन में लड़की ने लिखा कि रिएक्शन देखो। वीडियो सामने आने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

मुलाकात कक्ष में कर रही बात

वायरल हो रहे वीडियो में एक लड़की जेल के मुलाकात कक्ष में एक युवक से बात करती दिख रही है। इस युवक की पहचान तारकेश्वर के रूप में हुई है, जो वर्तमान में रायपुर सेंट्रल जेल में बंद है। जानकारी के अनुसार, तारकेश्वर का हाल ही में जन्मदिन था और उसकी गर्लफ्रेंड उसे बधाई देने जेल पहुंची थी। इस मुलाकात के दौरान, लड़की ने अपने मोबाइल फोन से पूरी बातचीत रिकॉर्ड कर ली और बाद में इस वीडियो को इंटरनेट मीडिया पर साझा कर दिया।

मोबाइल ले जाना है प्रतिबंधित

जेल के नियमों के अनुसार, मुलाकात कक्ष में मोबाइल फोन ले जाना पूरी तरह से प्रतिबंधित है। ऐसे में, युवती के मोबाइल फोन को जेल के अंदर ले जाने में कैसे कामयाब हुई, यह एक बड़ा सवाल है। यदि मुलाकात से पहले युवती की सुरक्षा जांच की गई थी, तो मोबाइल फोन अंदर कैसे पहुंचा? यदि जांच नहीं हुई, तो यह जेल प्रशासन की घोर लापरवाही मानी जा रही है। इस घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।

इससे पहले भी उठे हैं सुरक्षा पर सवाल

यह पहली बार नहीं है जब रायपुर सेंट्रल जेल की सुरक्षा पर सवाल उठे हों। इससे पहले भी जेल परिसर से मोबाइल फोन और अन्य प्रतिबंधित सामान मिलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कई बार जेल के अंदर से वीडियो भी वायरल हो चुके हैं, जो जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हैं।

इस मामले पर जेल अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री ने मीडिया से कहा है कि उन्हें इंटरनेट मीडिया के माध्यम से वीडियो की जानकारी मिली है। उन्होंने बताया कि वीडियो कब का है और कैसे बना, इसका परीक्षण करवाया जाएगा। इसके बाद जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Articles

Back to top button