फिल्मी अंदाज़ में होलिका दहन! कालीबाड़ी चौक पर ‘मुंज्या’ की झलक, रायपुर में 20 से ज्यादा बिकीं प्रतिमाएं

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
छत्तीसगढ़ के रायपुर में होली का उत्साह चरम पर है। बाजारों में रंग-गुलाल और पिचकारियों की खरीदारी के साथ होलिका दहन की तैयारियां भी अंतिम चरण में हैं। इस बार शहर के कई चौक-चौराहों पर अलग-अलग थीम पर आधारित होलिका की आकर्षक प्रतिमाएं लोगों का ध्यान खींच रही हैं।

मुंज्या’ थीम ने खींचा ध्यान
शहर के प्रसिद्ध कालीबाड़ी चौक पर इस बार साल 2024 में रिलीज हुई फिल्म मुंज्या की थीम पर आधारित होलिका की प्रतिमा खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। “मुंज्या” थीम के साथ तैयार की गई इस प्रतिमा में फिल्म के चर्चित किरदारों की झलक भी दिखाई गई है। होलिका माता के हाथ में प्रह्लाद की आकृति को भी दर्शाया गया है, जिससे धार्मिक और समकालीन थीम का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है।
15 वर्षों से बना रहे हैं थीम आधारित प्रतिमाएं
इस अनोखी प्रतिमा को कालीबाड़ी चौक के पुजारी मूर्तिकार बंधुओं ने तैयार किया है। मूर्तिकार राकेश पुजारी ने बताया कि वे पिछले 15 वर्षों से अलग-अलग थीम पर होलिका की प्रतिमाएं बना रहे हैं। उनके अनुसार, इस बार “मुंज्या” फिल्म का ट्रेंड काफी लोकप्रिय है, जिसे देखते हुए इस थीम को चुना गया।
20 से अधिक प्रतिमाएं बिक चुकीं
मूर्तिकारों के मुताबिक, अब तक राजधानी में 20 से अधिक थीम आधारित होलिका प्रतिमाएं बेची जा चुकी हैं। शहर के अन्य हिस्सों में भी अलग-अलग सामाजिक, धार्मिक और फिल्मी विषयों पर आधारित होलिका की मूर्तियां तैयार की जा रही हैं। त्योहार से पहले इन अनोखी प्रतिमाओं को देखने के लिए लोगों की भीड़ चौक-चौराहों पर उमड़ रही है, जिससे होली का उत्साह और भी बढ़ गया है।



