किसानों को बड़ी सौगात, शनिवार को खाते में ट्रांसफर होंगे पैसे, सीएम ने कहा था होली से पहले मिलेगी खुशी

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार होली से पहले किसानों को बड़ी सौगात देने जा रही है। 28 फरवरी को राज्य के अन्नदाताओं को 10 हजार 324 करोड़ रुपये सीएम विष्णुदेव साय ट्रांसफर करेंगे। मुख्यमंत्री, बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखण्ड स्थित रहंगी खेल मैदान में आयोजित किसान सम्मेलन में कृषक उन्नति योजना के तहत राज्य के 25 लाख 28 हजार किसानों को यह राशि जारी करेंगे।

सीएम ने की थी घोषणा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हाल ही में यह घोषणा की थी कि किसानों को धान के मूल्य के अंतर की राशि होली से पहले एकमुश्त दी जाएगी। 28 फरवरी को राशि जारी होते ही छत्तीसगढ़ सरकार का संकल्प पूरा होगा। इस बात की जानकारी अधिकारियों ने शुक्रवार को दी है।
इस साल 141 लाख मीट्रिक टन धान का उपार्जन
अधिकारियों ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों को उनके धान का उचित मूल्य देने के लिए कृषक उन्नति योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत छत्तीसगढ़ सरकार किसानों को धान का 3100 रूपए प्रति क्विंटल मूल्य दे रही है, जो देश में सर्वाधिक है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में राज्य में 25 लाख 28 हजार किसानों को समर्थन मूल्य पर 141 लाख मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया गया है। इस योजना का लाभ धान बेचने वाले सभी किसानों को मिलेगा।
35 हजार करोड़ की मदद
कृषक उन्नति योजना के तहत राज्य के किसान को 35 हजार करोड़ रुपए से अधिक की मदद आदान सहायता के रूप में दी गई है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, कृषक उन्नति योजना एवं अन्य किसान हितैषी योजनाओं को मिलाकर राज्य के अन्नदाताओं को अब तक 1.50 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे उनके बैंक खाते में अंतरित की गई है।
बजट में भी किसानों के लिए व्यवस्था
छत्तीसगढ़ की किसान हितैषी सरकार ने इस साल के बजट में किसान मजदूरों को बीमा कव्हरेज प्रदान करने का भी प्रावधान किया है। दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत सरकार ने 600 करोड़ और किसानों के सिंचाई पंपों को निःशुल्क बिजली देने के लिए 5500 करोड़ रुपये की व्यवस्था बजट में की है।



